paramtap.JPG

 


प्रातः स्मरणीय परम पूज्य संत श्री आसाराम जी के सत्संग-प्रवचन

परम तप

निवेदन

हर क्षेत्र में सफलता की शर्त एकाग्रता है। जीवन में उसका बड़ा महत्त्व है। भूतकाल के राग-द्वेष, वर्तमान की विषयासक्ति और भविष्य के शेखचिल्ली जैसे विचार छोड़कर हर क्षेत्र में सफल होने के लिए एकाग्रता परम आवश्यक है। इस विषय को पूज्यपाद स्वामीजी ने इस पुस्तक में सहज और सरल भाषा में समझाया है। एकाग्र होने की कुछ युक्ततियाँ भी दी हैं।

तपः सु सर्वेषु एकाग्रता परं तपः।

इस परम तप को बढ़ाने वाली यह पुस्तक साधकों के करकमलों में प्रस्तुत करते हुए समिति कुछ अंशों में कृतार्थ हो रही है।

श्री योग वेदान्त सेवा समिति

अमदावाद आश्रम

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

अनुक्रम

परम तप. 4

एकाग्रता और भगवददर्शन.. 4

एकाग्रताः सफलता की कुंजी... 5

एकाग्रता से आत्मशांति.. 5

कर्कटी राक्षसी की कथा... 6

भक्तों की एकाग्रता.. 9

व्यवहार में एकाग्रता.. 9

रमण महर्षि की एकाग्रता.. 10

एकाग्रता और वेदान्त... 10

इन्द्र और विरोचन.. 11

द्वेष की गाँठ मत बाँधो... 13

उत्थान के लिए एकाग्रता.. 15

निष्ठा और एकाग्रता.. 15

बुद्ध और भिक्षुक.. 16

एकाग्रता से रोगमुक्ति... 16

रैदास की एकाग्रता.. 18

विक्रमादित्य की दृढ़ता.. 18

दृश्य से अदृश्य की ओर. 19

रामचन्द्रजी की समता.. 21

सामर्थ्य का सदुपयोग.. 22

श्रवण में एकाग्रता.. 23

संत लीलातीर्थ.. 23

धर्म और एकाग्रता.. 24

अनन्त का अनुसन्धान.. 25

कलियुग में प्रभु-प्राप्ति सुलभ.. 25

अपने को अनधिकारी मत मानो... 26

बंगाली न्यायाधीश की कथा... 26

अपने आपकी पहचान.. 28

भूमा का सुख.. 29

आज से ही.... 31

भक्त धन्ना जाट. 32

आज भी ऐसा हो सकता है. 35

योगयुक्तो भव. 36

ज्ञानज्योति प्रकटाओ... 36

निन्दक नियरे राखिये.. 37

मूँड़ी का मूल्य.... 39

बड़ा कौन है?. 40

ममता और आसक्ति... 41

एकाग्रता का आखिरी लक्ष्य.... 41

परमात्मा को अपना मानो... 42

जब पुण्योदय होता है..... 43

परिप्रश्नेन..... 43

भजन की आवश्यकता.. 43

भजन का अधिकारी.. 47

चिन्तन-विलास.. 50

वीरभोग्या वसुन्धरा.. 51

संस्कृति और संत. 52

भजन माने क्या?. 52

 

 

ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

परम तप

मनसश्चेन्द्रियाणां च ह्यैक्राग्यं परमं तपः।

तज्जयः सर्व धर्मेभ्यः स धर्मः पर उच्यते।।

'मन और इन्द्रियों की एकाग्रता ही परम तप है। उनका जय सब धर्मों से महान है।'

(श्रीमद् आद्य शंकराचार्य)

तपः सु सर्वेषु एकाग्रता परं तपः।

तमाम प्रकार के धर्मों का अनुष्ठान करने से भी एकाग्रतारूपी धर्म, एकाग्रतारूपी तप बड़ा होता है। हम लोग देखते हैं कि जिस जिस व्यक्ति के जीवन में जितनी एकाग्रता है वह उतने अंश में उस क्षेत्र में सफल होता है, फिर वह आईन्स्टीन का विज्ञान हो चाहे सॉक्रेटीज का तत्त्वचिन्तन हो, रामानुजाचार्य का  भक्तिभाव हो चाहे शंकराचार्य का अद्वैतवाद हो, कबीर जी का अव्यक्त हो चाहे मीरा का गिरधर गोपाल हो। जिस विषय में जितने अंश में एकाग्रता होती है उतने ही अंश में उस व्यक्ति का जीवन उस विषय में चमकता है।

एकाग्रता और भगवददर्शन

जिस मूर्ति को गौरांग निहारते थे उस जगन्नाथजी को औरों ने भी निहारा था। लेकिन गौरांग की इतनी एकाग्रता थी कि वे सशरीर उसी मूर्ति में समा गये। जिस मूर्ति को मीराजी देखती थी उस मूर्ति को और लोग भी देखते थे। लेकिन मीरा की एकाग्रता ने अदभुत चमत्कार कर दिया। धन्ना जाट ने सिलबट्टा पाया पण्डित से। जिस सिलबट्टे से पण्डित रोज भाँग रगड़ता था वही सिलबट्टा धन्ना जाट की दृष्टि में ठाकुरजी बना और पूजा में रखा गया। धन्ना जाट की इतनी एकाग्रता हुई कि ठाकुर जी को उसी सिलबट्टे में से प्रकट होना पड़ा। काले कुत्ते को अनेक यात्रियों ने देखा। नामदेव भी एक यात्री थे। अलग-अलग तम्बू लगाकर यात्री लोग भोजन बना रहे थे। कुत्ते को आया देखकर कोई बोलाः यह अपशकुन है। किसी ने कहाः काला कुत्ता तो शकुन माना जाता है। वे लोग कुत्ते की चर्चा कर रहे थे और इतने में कुत्ता नामदेव की रोटी लेकर भागा। कुत्ते में भी भगवान को निहारनेवाले भक्त नामदेव घी की कटोरी लेकर पीछे भागे। सबमें भगवान को निहारने की उनकी इतनी एकाग्रता थी, इतनी दृढ़ता थी कि उस कुत्ते में से भगवान को प्रकट होना पड़ा।

अनुक्रम

एकाग्रताः सफलता की कुंजी

मनोवैज्ञानिकों का विज्ञान अगर मेज को कुर्सी दिखाने में सफल हो सकता है तो योगियों का विज्ञान जड़ में छुपे हुए चेतन को प्रकट करने में सफल क्यों नहीं हो सकता? वास्तव में जड़ जैसी कोई चीज नहीं है। जो जड़ दिखता है वह सब चेतन का विवर्त ही है। चेतन की घन सुषुप्ति को हम जड़ कहते हैं, क्षीण सुषुप्ति को वृक्ष आदि कहते हैं। वही चेतन अनेक प्रकार के स्वप्नों में, कल्पना में जब होता है तब उसी को जीव कहते हैं और वही जब अपने स्वरूप में जागता है तब शिवस्वरूप हो जाता है।

रामायण का विद्वान हो चाहे भागवत का विद्वान हो, कथाकार हो चाहे श्रोता हो, वकील हो चाहे न्यायाधीश हो लेकिन जब गूढ़ विषय का या गूढ़ बात का रहस्य खोजना हो तब वे लोग शांत और स्थिर हो जाते हैं। स्थिर होने का उनका जितना अभ्यास होता है उतना वे उस विषय में अधिक कुशल होते हैं।

यहाँ शंकराचार्य जी की बात हमें शब्दशः स्वीकार्य है कि मन और इन्द्रियों की एकाग्रता ही परम तप है। उनका जब सब धर्मों से महान है।

जो लोग भक्ति के मार्ग पर हैं और एकाग्रता की ओर ध्यान नहीं देते वे बेचारे रोते हैं किः "कुछ नहीं हुआ.... पच्चीस साल से भक्ति करते हैं लेकिन लड़का हमारा कहा नहीं मानता।"

जो लोग योग की ओर चले हैं लेकिन योग के द्वारा एकाग्रता का जो तरीका जानना चाहिए वह नहीं जाना तो महीना-दो-महीना योग करके कहेंगे कि योग में कुछ नहीं है, हमने करके देख लिया।

एकाग्रता कैसे प्राप्त होती है इस विषय का ज्ञान जब तक नहीं है तब तक अदभुत सामर्थ्य, हमारे अदभुत खजाने जो सुषुप्त हैं, छुपे हुए हैं, उनसे हम लोग वंचित रह जाते हैं। एकाग्रता हुई तो तपी का तप सिद्ध हो जायेगा, जपी का जप सफल हो जायेगा, योगी का योग सिद्ध हो जायेगा, सत्ताधीश सत्ता में सफल हो जायेगा, दुकानदार दुकानदारी में सफल हो जायेगा।

 

अनुक्रम

एकाग्रता से आत्मशांति

एकाग्रता स्वयं एक अदभुत सामर्थ्य है, सब धर्मों से श्रेष्ठ है। कोई सब धर्मों को जान लें, मान ले लेकिन अगर एकाग्रता नहीं है तो चित्त प्रासादिक शांति से पूर्ण नहीं होगा। यदि एकाग्रता सिद्ध की है तो एक ही धर्म का थोड़ा-सा रहस्य भी अवगत होने पर चित्त शीघ्र ही प्रसाद से पूर्ण हो जायेगा। रामकृष्ण परमहंस में ऐसी एकाग्रता थी कि वे जैसा चिन्तन करते थे वैसा उनका स्थूल शरीर भी बन जाता था।

सखी सम्प्रदाय में मानते हैं कि एकमात्र भगवान ही पुरुष हैं, बाकी हम सब स्त्रियाँ हैं। स्वयं को स्त्री मानकर साधना की जाती है। बंगाल के तरफ इस सखी सम्प्रदाय का प्रचलन है। रामकृष्ण ने यह साधना की तो उनका वक्षः स्थल उभर आया, शरीर महिलाओं जैसा होने लगा। आवाज भी स्त्रियों जैसी हो गई। एकाग्रता ने जोर पकड़ा तो रामकृष्ण को मासिक धर्म आने लगा।

मन का इतना प्रभाव है कि अगर पुरुष एकाग्रता से चिन्तन करे कि 'मैं स्त्री हूँ....' तो उसको मासिक धर्म हो सकता है। पुरुष अगर एकाग्रता से चिन्तन करे 'मैं इन सबका साक्षी हूँ....' तो उसके साक्षी होने में भी देर नहीं है। पुरुष यह चिन्तन करने लगे की यह सब आने-जानेवाला है, मन, बुद्धि, इन्द्रियाँ ये सब प्रकृति के हैं, उसको देखनेवाला मैं असंगो अयं पुरुषः केवल निर्गुणश्च तो क्यों वह सफल नहीं होगा? इस प्रकार एकाग्रता को तत्त्वज्ञान में ले जाओ तो बेड़ा पार हो जाये। आदमी अगर एकाग्रता को संसार में खर्च करता है, संसार के लिए एकाग्रता का उपयोग करता है तो उसको रिद्धि-सिद्धि, सफलता आदि मिलते हैं।

कई प्रकार के लोग योग करते हैं। विरक्त लोग भी योग करते हैं और अविरक्त लोग भी योग करते हें। संसार के आकर्षण से जो विरक्त नहीं हुआ वह अविरक्त है। उसे भोगी कहा जाता है। भोगी जब योग करेगा तब योग का उपयोग भोग में करेगा। यश का भोग, धन का भोग, प्रतिष्ठा का भोग, वाहवाही का भोग।

सचमुच जो निष्कामी महापुरुष हैं, वे अगर योग करते हैं, ध्यान करते हैं तो उनकी एकाग्रता चित्त की विश्रांति, आत्म-विश्रांति प्राप्त कराती है। असुर लोग एकाग्रता करते हैं तो उसका उपयोग दूसरों को सताने में करते हैं और सज्जन लोग एकाग्रता करते हैं तो उसका उपयोग परमात्मा को पाने में करते हैं। भोगी लोग एकाग्रता करते हैं भोग में सफल होने के लिए और त्यागी लोग एकाग्रता करते हैं योग में सफल होने के लिए। इस प्रकार एकाग्रता तो सबके लिए उपयोगी है, वह भोगी हो चाहे त्यागी हो, सुर हो चाहे असुर हो।

अनुक्रम

कर्कटी राक्षसी की कथा

योगवाशिष्ठ महारामायण में कथा आती है कि कर्कटी नामक एक राक्षसी ने सोचा कि मैं हर एक जीव को फँसाने के लिए भाग-दौड़ करूँ, कभी कोई हाथ आये न आये, इससे तो मैं ऐसी एकाग्रता प्राप्त करुँ कि जब चाहूँ तब सूक्ष्म हो जाऊँ और नासिका के मार्ग द्वारा जीवों में प्रवेश करूँ। फिर खूब रक्तपान करूँ। उसने हिमालय जाकर तप किया। एकाग्र होकर साधना में दत्तचित्त हो गई। ब्रह्माजी आये और वरदान दिया। वरदान पाकर वह राक्षसी जीवों के हृदय में घुसकर उनका रक्तपान करती। रक्तपान करने से वह मोटी हो जाती। नाटी और मोटी होने से जीने में अड़चन पड़ती थी। उसने सोचा कि तप करके विशालकाय हो जाऊँ। विशालकाय होकर भी कुछ सार न पाया। फिर सूक्ष्म होकर गीध में प्रविष्ट हो गई। वह गीध को प्रेरित करके उसे हिमालय की ओर उड़ा ले गई। वहाँ पहुँचकर गीध को उल्टी कराकर बाहर निकल आयी। फिर उसने बड़ी एकाग्रता से तप किया। ब्रह्माजी को ब्रह्मपुरी से आकर कहना पड़ा किः "बेटी ! मैं खुश हूँ। वरं ब्रूयात्।

ब्रह्माजी बुला रहे थे फिर भी कर्कटी की आँख खुली नहीं ! उसके चित्त में एकाग्रता से इतनी विश्रांति मिल गई की बस ! बाहर आने का नाम नहीं। फिर भी उसने धीरे-धीरे अपने चित्त को बहिर्मुख किया और उठकर ब्रह्माजी को प्रणाम किया। वर माँगने के लिए तो तप करने बैठी थी लेकिन एकाग्रता में इतनी गहरी उतर गई कि वर माँगने की रूचि न रही। वह बोलीः

"जिसकी सत्ता से आप वर देते हैं उसी सत्ता में मैं विश्राम कर रही हूँ। अब वह एकाग्रता आत्म-साक्षात्कार में परिवर्तित हो गई है।"

ब्रह्माजी ने कहाः "फिर भी तेरा प्रारब्ध शेष है। तू राक्षसी है। जीवों का भोजन करना तेरा जन्मजात स्वभाव है। लेकिन अब तू पामरों को, पापियों को खाना। जो ज्ञानवान हों, सदाचारी हों, सत्संगी हों उनको न सताना।"

ब्रह्माजी की आज्ञा शिरोधार्य करके कर्कटी अपने प्रारब्ध के अनुसार वनों में विचरने लगी। एकाग्रता से उसमें इतनी शक्ति आ गई थी कि वह जब चाहे तब विराट हो जाय, जब चाहे तब नन्हीं मुन्नी हो जाये। जैसा रूप धारण करना चाहे वैसा कर सकती थी।

एकाग्रता में इतनी शक्ति है कि आदमी मनःशरीर में पहुँच जाता है। फिर अपने मन की इच्छा के अनुसार उसके रूप बन जाते हैं। ऐसा मनुष्य चाहे जितने शरीर बना सकता है, चाहे जहाँ जा सकता है। देखे-अनदेखे विषयों को जानना चाहे तो एकाग्रता से जान सकता है। समुद्र पार की चीजों को देखना चाहे तो देख सकता है। अज्ञात व्यक्तियों को देखना चाहे तो ध्यान द्वारा देख सकता है।

एकाग्रता में जो सफल हो गये हैं वे जिस आदमी के प्रति जैसा संकल्प करते हैं वैसे स्वभाव में वह आदमी ढल भी सकता है। इनको महापुरुष कहते हैं, आचार्य कहते हैं। आचार्य वे हैं जो दूसरों के मन को ईश्वर के मार्ग पर चलाने का, सामर्थ्य रखते हैं।

एकाग्रता के बल से कर्कटी राक्षसी विकराल रूप धारण कर सकती थी। एक संध्या के समय उसे किरात देश के राजा और वजीर मिले। कर्कटी ने डरावना रूप धारण किया, यह सोचकर कि देखें, ये डर जाते हैं कि नहीं। पामर होंगे, पापी होंगे, चित्त में परमात्म-प्रसाद नहीं होगा तो डर जायेंगे। जिनके चित्त में प्रसन्नता है, जिनके चित्त में तप है वे नहीं डरते।

कर्कटी ने विशाल काले बादल की तरह विकराल रूप धारण किया। बड़े-बड़े नेत्र, विशाल भुजाएँ, डरावना चेहरा। कट-कट शब्द करती हुई वह राजा के पास आयी।

राजा ने कहाः "बोल राक्षसी ! तूने ऐसा डरावना रूप धारण किया है, तेरा क्या प्रयोजन है? अपना प्रयोजन ऐसे ही सिद्ध हो जाता हो तो बुद्धिमान लोग परीश्रम नहीं करते। तू क्या चाहती है?"

कर्कटीः "मैं चाहती हूँ कि तुम्हारा भक्षण करूँ। कई दिनों से मैंने भोजन नहीं किया है। तुम लोग मेरे ग्रास हो। अगर तुम ज्ञानी हो तो मैं तुम्हारी सेवा करूँगी, तुम्हें प्रणाम करूँगी। यदि तुम अज्ञानी मूढ़ होगे तो मैं तुम्हें खा जाऊँगी। मेरे प्रश्नों का मुझे उत्तर मिलेगा तो मैं मानूँगी कि तुम ज्ञानवान हो। उत्तर नहीं मिला तो तुम अज्ञानी सिद्ध होगे।"

"ऐसा कौन सा चिदअणु है जिससे सारी सृष्टि उत्पन्न हुई है? ऐसा कौन सा तत्त्व है जो सूक्ष्म से भी सूक्ष्म है और महान से भी महान है? ऐसा कौन सा चिदअणु है जिसके एक भाग में अनन्त अनन्त ब्रह्माण्ड छुपे हुए हैं? इस प्रकार के 72 प्रश्न किये।

राजा ने उत्तर दियाः "हे कर्कटी ! ये सब प्रश्न तूने एक परमात्मा के बारे में ही पूछे हैं। परमात्मा से ही सारी सृष्टि उत्पन्न हुई है। परमात्मा ही सूक्ष्म से सूक्ष्म और महान से महान है। उसी के एक भाग में अनन्त-अनन्त ब्रह्माण्ड छुपे हुए हैं।"

इस प्रकार राजा ने ठीक उत्तर दिये। कर्कटी प्रसन्न हुई और राजा से मैत्री कर ली। राजा उसको अपने राज्य में ले गया। जिनको फाँसी देनी थी ऐसे जो पापी जेल में सड़ रहे थे वे सब कर्कटी को सौंप दिये। कर्कटी उन्हें जंगल में ले जाकर खा गई। जब-जब उसको भूख लगती तब-तब वह राजा के पास आती, ज्ञानचर्चा करती और बाद में राजा उसे राज्य के पापी आदमियों को भक्षण के निमित्त सौंप देता। कर्कटी पापियों को लेकर जंगल में ले जाती और भोजन करके आराम करती। इस प्रकार वह राजा के पास आती-जाती रहती। समय आने पर कर्कटी का प्रारब्ध पूरा हुआ, आयुष्य खत्म होने को आयी। वह हिमालय के एकान्त में चली गई। समाधि लगायी और नाशवान् देह को छोड़कर अविनाशी परम पद में लीन हो गई।

राजा ने सोचाः "कर्कटी कई दिनों से आयी नहीं। शायद देह छोड़ दिया होगा। वह राक्षसी थी लेकिन थी आत्मज्ञानी। प्रजा यदि उसका आदर करेगी तो सुखी रहेगी। जिसने आत्मज्ञान पाया है उसका आदर करने वाले का प्रेम बढ़ता है, ज्ञान बढ़ता है, भक्ति बढ़ती है, यश बढ़ता है। ज्ञानवान का अनादर करने वाली प्रजा का अनादर होता है, उसको दुःख मिलता है, परेशानी होती है, अपकीर्ति मिलती है और जीवन में संघर्ष होता है। ज्ञानवान का आदर करने से भाग्य उज्जवल होता है और ज्ञानवान का अनादर करने से भाग्य रूठता है, दुर्भाग्य शुरु हो जाता है।

जहाँ सुमति तहँ संपति नाना।

जहाँ कुमति वहँ बिपति निदाना।।

हमारी प्रजा आत्मज्ञानी कर्कटी का आदर, मान, पूजा करेगी तो उसका मंगल होगा क्योंकि कर्कटी परम मंगलस्वरूप परमात्मा में जगी थी। इसलिए राजा ने कर्कटी की याद में दो मंदिर बनवाये। एक मंदिर में कर्कटी की प्रतिमा स्थापित करके उसका नाम हिंगला देवी रखा। हूँकार करके वह पापियों का मनोबल नष्ट करती थी इसलिए नाम रखा हिंगलादेवी। दूसरे मंदिर में स्थापित प्रतिमा का नाम रखा मंगलादेवी, क्योंकि ज्ञानहीन, मूढ़, पापियों का भक्षण तो करती थी लेकिन उनका मंगल भी करती थी।

कर्कटी जैसी राक्षसी हिंगला देवी और मंगलादेवी होकर पूजी जाती है। इसका मूल कारण देखा जाय तो एकाग्रता ही है।

अनुक्रम

भक्तों की एकाग्रता

जो ध्रुव पिता की गोद में बैठने लायक नहीं था, सौतेली माँ की थप्पड़ खायी, वही ध्रुव अब लाखों लोगों के दिलों में बैठा हुआ है। इसके पीछे भी एकाग्रता ही तो कारण है। प्रह्लाद का पिता उसको इतने कष्ट देता है फिर भी प्रह्लाद को दुःख नहीं होता। इसके पीछे भी प्रह्लाद की दृढ़ धारणा की ही चमत्कार है। तपे हुए लोहे के खंभे को आलिंगन करते ही नृसिंह भगवान का प्रागट्य हुआ यह प्रह्लाद की एकाग्रता का ही चमत्कार है। मीरा को राणा ने जहर दिया लेकिन मीरा ने उसमें एकाग्रतापूर्वक अमृत की धारणा की तो वह अमृत हो गया।

शंकराचार्य जी की बात हमें अक्षरशः अपने हृदय पटल पर अंकित करनी होगी कि मन और इन्द्रियों की एकाग्रता ही परम तप है। उनका जय सब धर्मों से महान है। एकाग्रता जैसी तपस्या विश्व में और कोई नहीं है। जिसने अपने मन-इन्द्रियों पर विजय पायी, समझो उसने सारे विश्व पर विजय पायी।

अनुक्रम

व्यवहार में एकाग्रता

इन छोटे-छोटे दृष्टान्तों से सिद्ध होता है कि एकाग्रता बहुत जरूरी है। नौकरी धन्धे में, परीक्षा-प्रमोशन में एकाग्रता से सफलता मिलती है। एकाग्रता जैसा मित्र विश्वभर में अन्य कोई नहीं है। लाख शत्रुओं ने घेर लिया हो और आपके पास एकाग्रता का बल है, तप का बल है तो शत्रु आपका कुछ नहीं बिगाड़ सकते। आपके शरीर अथवा यश में विक्षेप होना अगर प्रारब्ध में है और यदि आप एकाग्र और अनासक्त होंगे तो आपके चित्त में क्षोभ नहीं होगा। आपके हजारों मित्र हैं लेकिन आपका मन व इन्द्रियाँ चँचल हैं तो आप मित्रों के बीच होते हुए भी परेशानी का अनुभव करेंगे। लोगों ने आपको क्रॉस पर चढ़ाया, शूली पर चढ़ाया लेकिन आपके पास एकाग्रता का खजाना है तो आप भीतर गोता मारकर सार तत्त्व में विश्रांति पा लेंगे। लोगों की नजरों में तो आप शूली पर होंगे लेकिन सचमुच में आप परमात्मा में होंगे।

हमारे पास एकाग्रता नहीं है तो हम होते मंदिर में हैं लेकिन मन और इन्द्रियाँ हमें कहाँ-कहाँ ले जाते हैं यह हम भी नहीं जानते। यदि एकाग्रता है तो महाराज ! आप मंदिर में न हो, बाजार में हो तभी भी आप जिस क्षण चाहो उसी क्षण परमात्मा में हो सकते हो।

अनुक्रम

रमण महर्षि की एकाग्रता

रमण महर्षि ने इसी एकाग्रता के प्रभाव से भीड़-भड़ाके में भी अपने अद्वैत तत्त्व में विश्रांति पायी थी। दूसरों को भी इसका आस्वाद कराया। कभी तो जिस खण्ड में बैठते थे उसमें दीवार की ओर बिना पलकें गिराये एकाग्रता में डूबे रहते और अद्वैत तत्त्व का आनन्द लेते। इस प्रकार आनन्द लेते-लेते कभी किसी भाग्यवान साधक पर दृष्टि घुमाकर देखते और उसको भी आनन्द में सराबोर कर देते। अरुणाचल प्रदेश में स्थित छोटी-सी पहाड़ी के पास रहते हुए भी देश व परदेश के लोगों के चित्त तक उनके प्रति आदर पहुँच गया। इसमें भी एकाग्रता ही तो काम आयी।

अनुक्रम

एकाग्रता और वेदान्त

जो लोग वेदान्त के मार्ग पर जाते हैं उनको कभी-कभी ऐसी धारणा हो जाती है कि जब सब एक ही है, सब परमात्मा ही है, ब्रह्म ही तो फिर ध्यान क्या करना? त्राटक क्या करना? एकाग्रता क्या करना? फिर मन में जैसा आये वैसा खायें-पियें, जैसा मन में आये वैसा करें। नहीं, नहीं। ऐसे लोगों से विनती है कि पहले एकाग्र हो जाओ फिर तत्त्व का साक्षात्कार करो। तत्त्वचिंतन करते वक्त भी एकाग्रता होगी तो तत्त्वचिन्तन सफल होगा, अन्यथा तो तत्त्व की खाली सूचनाएँ होगी। तत्त्व का आनन्द नहीं आयेगा।

एकाग्रता में त्राटक, आत्मविचार, एकान्त और शुद्ध आहार मदद देता है, साधु-संगति मदद देती है। एकाग्र होने के लिए, मन-इन्द्रियों को संयत करने के लिए जो उपाय करने पड़े वे अवश्य करने चाहिए। बुद्धि का प्रसाद तभी मिलता है जब आदमी एकाग्र होता है। परमात्म-प्रसाद का अनुभव तभी होता है जब आदमी एकाग्र होता है।

मनमानी एकाग्रता आसुरी भाव में मुड़ सकती है। गुरुमुख होकर एकाग्र हो तो वही एकाग्रता परमात्म-भाव में परिणत होती है, तत्त्व साक्षात्कार में परिणत होती है।

अनुक्रम

इन्द्र और विरोचन

एक बार देवराज इन्द्र ने सोचाः "सुना है कि आत्मज्ञान से बढ़कर और कोई ज्ञान नहीं। जब तक आत्म-साक्षात्कार नहीं किया तब तक असुरों के दुःख से बच नहीं सकते। आत्मलाभात् परं लाभं न विद्यते। यह लाभ प्राप्त करने के बाद हम चैन से जी सकते हैं। लोग हमें कहते देवता और इन्द्रदेव लेकिन हमारे पीछे लगे हुए असुर हमारे लिए बेचैनी पैदा कर रहे हैं। हम उनका कुछ नहीं करते फिर भी वे हमें सताते हैं। हम आत्मज्ञान प्राप्त करके ऐसी ऊँचाई पर पहुँच जायें जहाँ असुरों की पहुँच न हो। हमने सुना है कि जिसने आत्मज्ञान पाया है वह एक साथ ही ब्रह्मा, विष्णु, महेश के पद का भाग सकता है। उस पर जन्म-मृत्यु, जरा-व्याधि का प्रभाव नहीं पड़ता है। वह अनन्त ब्रह्माण्डों में व्यापक हो जाता है। आत्मज्ञान के आगे दैत्यों का भी प्रभाव नहीं, किसी पद का भी प्रभाव नही है। ऐसा परम आत्मधन हम पायेंगे।

यं लब्ध्वा चापरं लाभं मन्यते नाधिकं ततः।

यस्मिन्स्थितो न दुःखेन गुरुणापि विचाल्यते।।

(भगवदगीताः 6.22)

'जिस लाभ को प्राप्त होकर उससे अधिक दूसरा कुछ भी लाभ नहीं माना जाता और जिस अवस्था में स्थित योगी बड़े भारी दुःख से भी चलायमान नहीं होता, ऐसे आत्मलाभ में हम स्थिर होंगे।'

देवों के बीच ऐसा विचार-विमर्श हुआ। असुरों के गुप्तचर देवों के पीछे लगे हुए थे। शत्रु हमेशा सामने वाले पक्ष में क्या होता है यह जानने के लिए सक्रिय रहते ही हैं। असुरों को पता चला कि, "सबसे बड़ा आत्मज्ञान है, उसको पाने के लिए देवता लोग तैयारी कर रहे हैं। जिस ज्ञान को पाने के बाद आदमी को दुःख नहीं होता वह ज्ञान पाकर फिर हम युद्ध करेंगे तो हमको भी दुःख नहीं होगा। देवताओं को पराजित करने के लिए हम ब्रह्माजी के पास जाकर पहले आत्मज्ञान ले जायेंगे। उसी आत्मज्ञान के बल से उन सबको कुचल डालेंगे।"

असुरों का राजा विरोचन और देवों का राजा इन्द्र, इन दोनों आगेवानों ने सोचा कि पहले हम आत्मज्ञान पा लें, बाद में अपनी प्रजा को आत्मज्ञानी बना देंगे। वे दोनों गये ब्रह्माजी के पास।

अन्तर्यामी ब्रह्माजी ने दोनों के आगमन का कारण तो जान लिया फिर भी उनकी ओर ध्यान न दिया। चुप बैठे रहे। दोनों ने आकर प्रणाम किया और बोलेः

"ब्रह्मन् ! हम शिष्यभाव से आपको प्रणाम करते हैं। आपकी शरण आये हैं, हमें स्वीकार करो।"

बत्तीस वर्ष तक वे ब्रह्मचर्यव्रत धारण करके ब्रह्माजी के चरणों में रहे और सेवा-सुश्रूषा की। ब्रह्माजी ने देखा कि इन्होंने ब्रह्मचर्यव्रत का पालन किया है। इनकी बुद्धि सूक्ष्म हुई होगी, तेजस्वी होगी। अब इनको थोड़ा-सा उपदेश दूँगा तो वे ज्ञान को उपलब्ध हो जायेंगे।

जिनकी बुद्धि विषयों में भटकती है उनको बार-बार उपदेश की जरूरत पड़ती है। जिनकी बुद्धि सूक्ष्म है उनको थोड़ा-सा उपदेश भी पर्याप्त हो जाता है। ज्ञान होने के बाद भी सहज स्वभाव वेदान्त श्रवण करते रहें यह अलग बात है।

ज्ञान जल्दी इसलिए नहीं होता कि एकाग्रता नहीं है, बुद्धि सूक्ष्म नहीं है। बुद्धि इसलिए सूक्ष्म नहीं होती कि बुद्धि में संसार का राग-द्वेष भरा है। इससे बुद्धि मलिन हो जाती है, अपवित्र हो जाती है।

ब्रह्माजी ने दोनों को बुलायाः "तुम लोग किसलिये आये हो?"

"ब्रह्मन् ! हम आत्मज्ञान पाने के लिए आये हैं जिससे बढ़कर अन्य कोई चीज नहीं है।"

एकाग्रता भावों के आवेग को रोकती है। भक्ति में लोग भाव के आवेग में आ जाते हैं। ठूँठ हृदय से तो भावों के आवेग में आनेवाला ठीक है लेकिन तत्त्वज्ञान के आगे वह भावावेग कुछ नहीं है।

जिन पर गुरुकृपा बरसती है, कुण्डलिनी जागृत होती है और कीर्तन में झूमते हैं उनमें अगर समझ नहीं है, एकाग्रता नहीं है तो जो आध्यात्मिकता का रंग लगा है वह जहाँ कहीं प्रदर्शित करके खत्म भी कर देते हैं। आत्मविद्या या कुण्डलिनी योग की विद्या प्रदर्शन के लिए नहीं है बल्कि पचाने के लिए हैं।

संसारी आदमी चार पैसे कमाता है तो न जाने क्या-क्या खाते बनाता है। एक नंबर, दो नंबर, बेटे के नाम से, बेटी के नाम से, पत्नी के नाम से, देश में, परदेश में विभाजित करके धन छुपा लेता है। सांसारिक तुच्छ वस्तुएँ सँभालने के लिए लोग युक्तियाँ आजमाते हैं तो यह आध्यात्मिक खजाना तो विवेकपूर्वक ही सँभालना चाहिए। कहाँ पूरी मस्ती में आकर मुक्त रीति से झूमना और कहाँ मस्ती संयत कर लेना यह सावधानी से समझ लेना चाहिए।

ब्रह्माजी ने सोचाः 'अब इनका बेड़ा पार हो जाये। ये लोग भले ब्रह्माजी नाम धारण न करें लेकिन मैं ब्रह्माजी जिससे ब्रह्माजी हूँ ऐसे वे ब्रह्ममय हो जायें।'

ब्रह्माजी ने कृपा करके उन्हें ब्रह्मज्ञान का उपदेश देना प्रारम्भ कियाः

"हे सुरनायक और असुरनायक ! सुनो। यह जो दिखता है वह सब ब्रह्म है। वह शुद्ध है, शांत है, आनन्दघन है। वही ब्रह्म परमात्मा प्राणिमात्र का आधार है। वही ब्रह्म परमात्मा मेरा, विष्णुजी की, महादेवजी का, कीड़ी का, कुंजर का, सबका आधार है। वही तुम्हारी आँखों से देख रहा है, जिसको पाये बिना जीव अभागा रह जाता है और जिसको पाने के बाद जीव शिवस्वरूप हो जाता है। यह ब्रह्मविद्या ही सार है और कुछ सार नहीं। तुम लोग भाग्यवान् हो कि ब्रह्मविद्या के लिए आये हो। ब्रह्मविद्या सुनने की भी पात्रता चाहिए। बत्तीस वर्ष तक ब्रह्मचर्य व्रत का पालन करते हुए यहाँ रहे हो, मालूम होता है कि तुमको ब्रह्मविद्या के मूल्य पता है। लेकिन बुद्धि में अगर कल्मष है, बुद्धि में अगर द्वेष और शत्रुता छुपी है तो वह ब्रह्मविद्या पाने में रूकावट हो जायेगी। यहाँ आते समय रास्ते में दोनों परस्पर मिले हो लेकिन एक सुर और एक असुर सी शत्रुता की गाँठ तुम्हारी बुद्धि में है। वह गाँठ बुद्धि के चमत्कार को प्रगट करने नहीं देगी। अतः शत्रुता की गाँठ को बढ़ने मत दो। द्वेष ठीक नहीं।"

अनुक्रम

द्वेष की गाँठ मत बाँधो

मुझे एक महात्मा बताया करते थेः "हमारे गुरुजी मुझसे कहते थे कि बेटा ! मन में आये तो किसी को दो गाली दे देना लेकिन मन में गाँठ मत बाँधना। ऐसी कुछ बात हो जाय तो ठपका दे देना, तमाचा मार देना लेकिन किसी भी व्यक्ति के प्रति चित्त में द्वेष की गाँठ मत बाँधना।"

द्वेष की गाँठ अपने चित्त को मलिन कर देती है। जो कलह, झगड़े, परेशानियाँ होती हैं वे द्वेष की आग के कारण ही होती हैं। ऐसा नहीं कि परेशान करने वाला व्यक्ति दूसरे को ही परेशान करता है। नहीं.... वह बेचारा स्वयं भी परेशान होता है। जहर तो जो पीता है उसका खाना खराब करता है, जिस बोतल में पड़ा है उस बोतल का पहले सत्यानाश करता है और फिर जिस पर उड़ेला जाता है उसका सत्यानाश करता है। दोनों पक्षों की हानि होती है, फिर चाहे पति-पत्नी का द्वेष हो, राजा-राजा का द्वेष हो, व्यापारी-व्यापारी का द्वेष हो, साधक-साधक का द्वेष हो चाहे सुर-असुर का द्वेष हो। द्वेष सात्त्विक प्रकृति के व्यक्तियों के बीच का हो चाहे राजसिक-तामसिक प्रकृति के व्यक्तियों के बीच का हो, वह खाना खराबी करता है, कोई फायदा नहीं करता।

ब्रह्माजी इन्द्र और विरोचन से कहते हैं- "अगर तुममें द्वेष न होगा तो तुम मेरा थोड़ा-सा उपदेश भी समझ जाओगे। आँखों में जो दिखता है वह परब्रह्म है।"

ब्रह्माजी ने सोचा कि ब्रह्मभाव में आकर मैंने ये वचन कहे हैं। मेरे इन वचनों को ही याद करेंगे, दोहरायेंगे, मनन करेंगे तो इनकी बुद्धि प्रकाशित हो जायेगी लेकिन विरोचन तो विरोचन ही था, मोटी बुद्धि का। जाकर पानी में देखा तो अपनी परछाई दिखी। किसी की आँख में देखा तो अपना प्रतिबिम्ब दिखा। आँखों में जो दिखता है वह ब्रह्म है। एक-दूसरे की आँखों में हम ही दिख रहे हैं तो हम ही ब्रह्म हैं। देहो ब्रह्मः। दिल में द्वेष की आग के कारण बुद्धि खुली नहीं थी। वह देह को ब्रह्म मानकर उलझ गया और अपनी प्रजा को भी उलझा दिया। शरीर को ही ब्रह्म मानकर अपने राज्य में जाकर प्रचार कर दिया। खाओ, पियो और मौज से जियो। मरने के बाद किसने क्या देखा है?

यावज्जीवेत् सुखं जीवेत् ऋणं कृत्वा घृतं पिबेत्।

भस्मीभूतस्य देहस्य पुनरागमनं कुतः।।

विरोचन का यह सिद्धान्त विदेशों में देखा जाता है। सुबह से शाम तक, जन्म से मौत तक जीवन का पूरा आयोजन, विकास और वैज्ञानिक आविष्कार, बुद्धिमानों की पूरी अक्ल होशियारी शरीर को सुख देने के लिए ही लगायी जा रही है। उनमें असुरों का सिद्धान्त फूला-फला है।

देवताओं का राजा इन्द्र सात्त्विक था। उसने सोचाः 'दिखता तो देह है, क्या देह ब्रह्म है?' जाकर ब्रह्माजी से पूछा तो वे खुश हुए कि इसने विचार का सहारा लिया है। बोलेः "अब इस देह को नहलाकर, सुन्दर वस्त्रालंकार पहनाकर आओ।"

इन्द्र वैसा होकर गया। ब्रह्माजी ने कहाः "अब अपना प्रतिबिम्ब पानी में देखो। क्या दिखता है?"

"अब मैं सजा-धजा, आभूषणों से विभूषित दिखता हूँ। पहले बिना आभूषण का था।"

"आभूषणवाला और बिना आभूषण का, इन दोनों को जो जानता है वह ब्रह्म् है। एकान्त में जाकर चिन्तन करो।"

चिन्तन व खोजबीन में समय बिताकर इन्द्र फिर ब्रह्माजी के पास आया। बोलाः "इन दोनों को देखता है मन।"

"मन को भी जो देखता है वह ब्रह्म है।"

सोचते-सोचते, खोज करते-करते विश्रांति नहीं मिली, साक्षात्कार नहीं हुआ। फिर वापस आकर बोलाः "हे भन्ते ! कृपानाथ ! कृपा करें। मुझे ब्रह्म-साक्षात्कार करा दीजिए, परमात्मा में विश्रांति प्राप्त करा दीजिए। इसके बिना जीव अभागा है। जब तक आत्म-साक्षात्कार नहीं होता तब तक मेरी इन्द्र पदवी भी तुच्छ है ऐसा मैंने समझा है। अब आपके शरण हूँ। कैसे भी हो, मुझे परमात्मतत्त्व का बोध करा दीजिए प्रभो !"

ब्रह्माजी के हृदय में प्रसन्नता हुई कि शिष्य अधिकारी है, ब्रह्मज्ञान का मूल्य समझता है। अपने जीवन व आत्मबोध का मूल्य समझता है। बोलेः "मन को जो देखता है वह ब्रह्म है। फिर से जा एकान्त में और खोज कर, चिन्तन कर।"

एकान्त में जाकर इन्द्र विचार करने लगा, देखने लगा कि कौन मन को देखता है। वह समाहित होने लगा। धीरे-धीरे इन्द्रियाँ मन में आ गईं। मन को कौन देखता है – यह प्रश्न करते-करते मन के संकल्प – विकल्प कम हो गये। इन्द्रियों का संयम हो गया, मन एकाग्र हो गया। मन संयत हुआ तो बुद्धि का प्रकाश होने लगा। मन की हरकतों को देखते-देखते उसका मन अमनीभाव को प्राप्त होने लगा। ऐसे गहरे चिन्तन में उतरते-उतरते इन्द्र इन्द्र न बचा। इन्द्र वही हो गया जिससे ब्रह्माजी ब्रह्माजी हैं।

ब्राह्मी स्थिति प्राप्त कर कार्य रहे न शेष।

मोह कभी न ठग सके इच्छा नहीं लवलेश।।

पूर्ण गुरु कृपा मिली पूर्ण गुरु का ज्ञान।

सुरपति इन्द्र हो गये स्वयं ब्रह्मप्रतिरूप।।

इन्द्र की सारी इच्छाएँ बाधित हो गयीं। वह ब्रह्म परमात्मा में प्रतिष्ठित हो गया।

अनुक्रम

उत्थान के लिए एकाग्रता

एकाग्रता सिद्ध करना कठिन है लेकिन इसका फल बड़ा अदभुत है। जीवन की कठिन समस्याओं को सुलझाने में एकाग्रता बहुत काम आती है। कठिन-से-कठिन जो जन्म मृत्यु की समस्या है उसकी कठिनता को भी एकाग्रता की तपश्चर्या का प्रभाव दूर कर देता है।

जो आदमी जहाँ गिरता है वहीं से उठता है। जहाँ फँसता है वहीं से छूटता है। हम लोग फँसे हैं नाम-रूप में। फँसे हैं मन के कारण, इन्द्रियों के कारण और छूटेंगे भी मन-इन्द्रियों को संयत करेंगे तभी। फँसे हैं नाम-रूप में, तो अवलम्बन भी लेंगे। परमात्मा के नाम-रूप का तो छूट जायेंगे।

बारिश में चलते-चलते पैर फिसल गया, आदमी गिर पड़ा। वह गिरा है बारिश के कीचड़ में तो उठेगा पलंग से थोड़े ही ! उठेगा भी तो उसी कीचड़ से। आदमी जहाँ गिरा है उसे वहीं से उठना होगा। हम लोग गिरे हैं शब्द में, स्पर्श में, रूप में, रस में, गंध में, मन के संकल्प और विकल्प में तो हमें उठना भी वहीं से होगा।

अनुक्रम

निष्ठा और एकाग्रता

वृन्दावन में एक ब्रह्मचारी था। वह रोज ध्यान करता था। फरियाद करता था कि मन नहीं लगता। एक बार बाबाजी उसकी कुटिया में जाकर बोलेः "तू रोज ध्यान करता है और शिकायत करता है कि मन लगता नहीं तो जरा देखने को आया हूँ कि क्या कारण है।"

बाबाजी ने देखा तो कुटिया में बीसों फोटो लगे हैं।

"इतने सारे चित्र ते रखे हैं? शिवजी का चित्र है, रामजी का है, काली का है, गणपति का है, अन्यान्य कई देवी देवताओं के हैं। तू किसकी पूजा करता है? किसका ध्यान करता है?"

ब्रह्मचारी बोलाः "थोड़ी देर इधर देखता हूँ, थोड़ी देर उधर देखता हूँ। तीन माला हनुमानजी की करता हूँ, दो माला भगवती की, पाँच माला शिवजी की, सात माला सियाराम की करता हूँ।"

बाबाजीः "इस जन्म में तो तेरी एकाग्रता सिद्ध नहीं होगी और हजार-हजार दूसरे जन्म लेकर भी इसी प्रकार करेगा तो भी तू कुछ नहीं पायेगा।"

जो आदमी जहाँ गिरा है वहीं अपने को गिरावट से बचाना है। हम लोग गिरे कहाँ हैं? गिरे हैं मन और इन्द्रियों में। बैठे हैं ध्यान में और संतान में, फिर इन्द्रियों की चंचलता?

अनुक्रम

बुद्ध और भिक्षुक

एक बार बुद्ध किसी ऊँचे गम्भीर विषय पर प्रवचन दे रहे थे। एकाएक रुष्ट होकर चल दिये। महापुरुषों का रोष बड़ी करूणा और कृपा का प्रसाद है। वे हमको अपना समझते हैं तभी डाँटते हैं, रूठते हैं, धमकाते हैं। पराये बच्चे को आप चॉकलेट दे सकते हैं लेकिन तमाचा नहीं मार सकते। अपने बच्चे को तमाचा भी मार सकते हैं।

बुद्ध ने भिक्षुकों को आध्यात्मिक तमाचा लगा दिया और रुष्ट होकर उठ गये। दूसरे दिन सब लोग बड़े ध्यान से सुन रहे थे तो बुद्ध का चित्त बहुत प्रसन्न हुआ। मौका मिलने पर किसी भिक्षुक ने प्रश्न कियाः "हे भन्ते ! कल आप अति गहन विषय को समझाते-समझाते यकायक चुप हो गये। हम पर नाराज हो गये। स्वामी ! आप क्यों चुप हो गये थे?"

बुद्ध ने कहाः "मुझे सुनने वाला कोई था ही नहीं तो क्यों बैठूँ? मेरा समय फालतू का नहीं है। अगर तुम चिड़ियों की तरह इधर-उधर झाँकते रहोगे, तुम्हारे पास एकाग्रता नहीं है, ध्यान करने की योग्यता नहीं है तो हम ध्यान की बात क्यों बतायेंगे? हमने रहस्य को समेट लिया और चल दिये।"

मनमुख आदमी हजारों वर्षों तक मजदूरी करे फिर भी उसकी मजदूरी के परिणाम में मुक्ति नहीं मिलेगी। गुरुमुख आदमी केवल तीन-चार महीना गुरु के निर्देशानुसार एकाग्रतारूपी तपश्चर्या करे तो उसके जीवन की तमाम मुसीबतें, दरिद्रता, बेवकूफी और कल्मष दूर हो सकते हैं।

वह ब्रह्मचारी बीसों वर्षों से ध्यान-जप करता था, कथा करने भी जाता था। लोग उसके नाम का ढोल पीट देते ते कथा में भीड़-भड़ाका भी हो जाता था लेकिन मरने के बाद अथवा जीते-जी आपके चित्त की जितनी एकाग्रता होती है उतना ही आप संसार में अथवा ईश्वर के मार्ग में सफल होते हो।

अनुक्रम

एकाग्रता से रोगमुक्ति

अहमदाबाद से करीब 30-32 मील दूर वात्रक नदी के तीर पर उत्कण्ठेश्वर महादेव का मंदिर है। वहाँ एक योगी साधना करते थे। उनका परिवार डीसा में रहता था। मैं भी जब डीसा के आश्रम में रहता था तब वे एक बार वहाँ आये थे। उनको देखकर मैं क्षणभर शांत हो गया और फिर सत्संग में ही उनकी साधना के संबंध में कुछ बातें ऐसी निकलीं कि वे दंग रह गये ! 'बापू को यह सब कैसे पता चला !' उनका नाम था मणिभाई दवे। 80 साल की उम्र थी। उनको मेरे प्रति बड़ा आदर मान हो गया। उन्होंने मुझे अपने साधना के स्थान पर भी आमंत्रित किया था। उन्होंने बतायाः

"मैं तीन महीने के लिए कमरे में ध्यान करने बैठता हूँ। हर रोज ध्यान का समय बढ़ाते-बढ़ाते आखिर में तीन दिन तक लगातार एक ही आसन पर ध्यान लगाकर बैठना होता है। आखिरी दिनों में मैंने देखा कि मेरे शरीर का आधा हिस्सा पूर्णतया पक्षाघात (Paralysis) से ग्रस्त हो गया है। कमरे में मैं अकेला। हाथ पैर सुन्न हो गये। अस्सी साल की उम्र में पक्षाघात ठीक होना भी मुश्किल। फिर सोचा कि मैं ध्यान करता हूँ, एकाग्रता के मार्ग पर हूँ। चलो, और किसी चीज के लिए नहीं लेकिन अपने शरीर के स्वास्थ्य के लिए एकाग्रता की तपश्चर्या का जरा सा अंश खर्च कर लूँ।"

"ध्यान में बैठकर चित्त में संकल्प दुहराया कि मेरा यह पक्षाघात अभी ठीक हो जाना चाहिए। मेरे शरीर में बल आना चाहिए। थोड़ा-सा ध्यान किया और मैं बूढ़ा थोड़ी ही देर में उठ खड़ा हो गया। पक्षाघात मिट गया।"

लेकिन केवल पक्षाघात को ठीक करने के लिए ही एकाग्रता का तप नहीं है, चौरासी लाख जन्मरूपी जो पक्षाघात पड़े हैं उन सबका घात करने वाला वह एकाग्रता का तप है।

जो लोग अति चंचल मन के होंगे, निगुरे होंगे, बहिर्मुख होंगे उनको यह विषय जरा कठिन लगेगा। लेकिन जो समझदार होंगे, सगुरे होंगे, जो जीवन का मूल्य जानता होंगे वे लोग समझते होंगे कि आज ज्यादा तपश्चर्या हो रही है।

सारे धर्मों का, सारे कर्मों का, सारे रहस्यों का खजाना एकाग्रता में छुपा है। एकाग्रता लाने के कई तरीके हैं। जो लोग वेदान्त सुन लेते हैं और एकाग्रता की उपेक्षा कर देते हैं उन लोगों को वेदान्त की कोरी बातें याद रहेगी, वेदान्त का अमृत नहीं मिलेगा। जब वेदान्त का अमृत पाये हुए संतों के पास आते हैं तब समझ में आता है कि अरे, वेदान्त तो अब समझ में आ रहा है। ऐसे ही भक्ति की बातें सुनते हैं लेकिन भक्ति का अमृत नहीं मिलता। भक्ति के द्वारा जो एकाग्रता की ऊँचाई पर पहुँचे हैं ऐसे भक्तों के चरणों में पहुँचते हैं तब समझते हैं कि भक्तिरस का प्याला तो अब मिला। आज तक तो केवल झाँझ बजाते और ढोल पीटते रहे।

जो लोग एकाग्र नहीं हैं वे लोग बेसुर होकर झाँझ बजाते रहते हैं, रात्रि का जागरण करते-करते बीसों साल तक भक्ति करते रहते हैं। लेकिन जीवन में देखो तो कोई रहस्य खुला नहीं, कोई रस मिला नहीं। जिनको महापुरुष मिल गये और महापुरुष ने उनको एकाग्रता का तरीका बता दिया, उन्हें भक्ति का प्रारम्भ करते ही उसका रस मिलने लगा। ऐसे लोगों को भी आप जानते होंगे कि जो पच्चीस-पचास वर्ष से भक्ति करते हैं, रात रात भर भजन गाते हैं फिर भी उनके जीवन में कोई आध्यात्मिक ऊँचाई नहीं। ऐसे महापुरुषों को भी हम जानते हैं जो थोड़ा सा कुछ कह देते हैं वैसा होने लग जाता है। इसके पीछे एकाग्रता का बल है।

अनुक्रम

रैदास की एकाग्रता

संत रैदास ने यात्रियों को अपनी ओर से एक पैसा देते हुए कहाः

"तुम गंगा नहाने जा रहे हो। मेरा पैसा भी लेते जाओ। गंगाजी को अर्पण कर देना लेकिन यह शर्त है कि जब स्वयं गंगाजी साक्षात् आकर पैसा स्वीकार करें तब देना।"

वे यात्री गये। गंगास्नान आदि करके गंगा मैया से बोलेः "गगे माँ ! रैदास ने एक पैसा भेजा है। कहा है कि गंगाजी स्वयं स्वीकार करें तब देना। अब पैसा लेने के लिए आप प्रगट हों तो दें। जल में प्रवाहित नहीं करेंगे।"

इतिहास कहता है कि जल में से गंगाजी प्रकट हुई और रैदास का पैसा स्वीकार किया।

अनुक्रम

विक्रमादित्य की दृढ़ता

एक ब्राह्मण तप कर रहा था। सात यज्ञ पूरे किये लेकिन सूर्यनारायण प्रकट नहीं हुए। राजा विक्रमादित्य वहाँ से पसार हुए। ब्राह्मण का उतरा हुआ चेहरा देखकर पूछाः "हे भूदेव ! साधन-भजन के बाद, तपश्चर्या के बाद चेहरे पर मस्ती, शांति प्रसन्नता आनी चाहिए लेकिन आपके चेहरे पर ऐसी कोई रौनक नहीं?"

ब्राह्मणः "मैंने इतने वर्षों तक तप किया लेकिन इष्टदेव प्रसन्न नहीं हुए। आनंद नहीं आया।"

राजाः "तपश्चर्या में कुछ न कुछ गलती करते होंगे। तप करके फिर क्रोध करते होंगे। अथवा भीतर का निश्चयबल ठीक नहीं होगा। क्रोध से तप का नाश हो जाता है। निश्चयबल नहीं होता तो तप फलता नहीं। देखो, मैं हवन करता हूँ सूर्यदेव का साक्षात्कार करने के लिए। अगर शाम तक सूर्यदेव प्रकट नहीं होंगे तो अपनी गरदन उतारकर हवनकुंड में डाल दूँगा।"

शाम हुई। सूर्यदेव प्रकट नहीं हुए। राजा विक्रमादित्य ने उठायी तलवार और अपनी गरदन काटने के लिए ज्यों ही वार करने को तत्पर हुए कि तुरन्त सूर्यदेव प्रकट हो गये और राजा का हाथ पकड़ लिया। राजा की दृढ़ता के कारण उनको प्रकट होना पड़ा। धन्ना जाट की दृढ़ता के कारण सिलबट्टे में से ठाकुर जी प्रकट हो गये। प्रह्लाद का दृढ़ निश्चय था तो सर्वव्यापक विष्णुजी तप्त लोहे के खम्भे में से प्रकट हो गये।

जितनी हम लोगों में दृढ़ता होती है उतना हमारा इष्ट व्यक्ति, इष्ट वस्तु, इष्टमेव अथवा इष्टकार्य सिद्ध होता है।

अनुक्रम

दृश्य से अदृश्य की ओर

एकाग्रता साधने के कई उपाय हैं। जैसेः हम छत पर सोये हैं। पलकें गिराये बिना चाँद को निहारते-निहारते लेटे हैं। कुछ समय के बाद एक के बदले दो चाँद दिखने लग जायेंगे। फिर तीन दिखने लग जायेंगे। आँखे खुली होंगी और तीनों के तीनों अदृश्य भी हो जायेंगे। हम दृश्य में फँसे हैं। दृश्य को देखते-देखते हम अदृश्य में पहुँच जायेंगे। व्यक्त में फँसे हैं लेकिन व्यक्त को निहारते-निहारते हमारी चेतना अव्यक्त में चली जायेगी।

रमण महर्षि के पास ऐसी योग्यता थी। इसलिए भारत के प्रधानमंत्री जैसे व्यक्ति को उन्होंने ऐसी शांति दी कि वर्षों तक उनके द्वारा महर्षि की प्रशंसा के गीत गाये गये। भारत के भूतपूर्व प्रधानमंत्री श्री मोरारजीभाई देसाई देश-विदेश में अपना यह अनुभव कहा करते थे किः "मैं कलेक्टर से लेकर प्रधानमंत्री तक के पद पर रहा लेकिन रमण महर्षि के चरणों में जो सुख-शांति मिली वह किसी पद के भोग में नहीं मिली।"

रमण महर्षि के चित्त में जो अव्यक्त का आनन्द छा जाता था वह एकाग्रता के द्वारा सारी सभा को भी मिल जाता था।

कभी दीये की जलती लौ पर पलकें गिराये बना देखते जाओ। भूत-प्रेत को देखने के लिए भी लोग लौ का उपयोग करते हैं। लेकिन तुम भूत-प्रेत के चक्कर में मत पड़ना। उसमें कोई सार नहीं।

लौ को निहारते जाओ... निहारते जाओ, फिर आँखे बन्द कर दो तो वही लौ ललाट में दिखेगी। थोड़ी देर के बाद वह अदृश्य हो जायेगी। आँखें खोलकर फिर से लौ को निहारो। ऐसे भी एकाग्रता बढ़ती है।

ऊपर नीचे के दाँतों के बीच जिह्वा के अग्र भाग को रोक दो। मुँह ऐसे बन्द करो कि जिह्वा न ऊपर तालू में लगे न नीचे लगे। मुँह के अवकाश में टिक जाये। ऐसा करके जिह्वा को मन से निहारते जाओ... निहारते जाओ। इससे भी एकाग्रता में मदद मिलेगी।

घड़ी का काँटा सेकण्ड-सेकण्ड करके घूम रहा है। इस काँटे को देखते हुए सेकण्डों को गिनते जाओ। इससे भी एकाग्रता की साधना हो सकती है।

मन में  विचार चल रहे हैं। एक विचार उठा और गया। दूसरा अभी उठने को है। इसके बीच की जो निर्विचार अवस्था है उसको बढ़ाते जाओ तो तुरन्त साक्षात्कार का स्वाद आने लगेगा। दो विचारों के बीच की जो मध्यावस्था है उसको बढ़ाते जाओ तो चन्द दिनों में ऐसी ऊँचाई को पा लोगे की तुम्हारे आगे इन्द्र का राज्य भी कुछ नहीं लगेगा।

कभी तुम नदी, सरोवर या सागर के तट पर बैठे हो तब पानी को निहारते-निहारते चित्त को एकाग्र करो। कभी घर में ही त्राटक का अभ्यास करो। दीवार पर लगे हुए काले गोलाकार के बीच पीले बिन्दु को निहारते जाओ.... निहारते जाओ। आँखों की पलकें न गिरें। जब तक आँखों से पानी न गिरे तब तक निहारते जाओ। दिनोंदिन अभ्यास बढ़ाते जाओ। कुछ ही दिनों में शक्ति आने लगेगी। सामर्थ्य का एहसास होगा। उस शक्ति या सामर्थ्य को पढ़ाई में खर्च करो, धन्धे में खर्च करो, कहीं भी खर्च करो लेकिन हम तो चाहते हैं कि उस शक्ति को शक्तिदाता परमात्मा के साक्षात्कार के लिए खर्च करके तुम उसको पा लो।

अनेक प्रकार के प्रयोग हैं जिनके अभ्यास से तुम सर्वोच्च तपस्या में सफल हो सकते हो। सारी सृष्टि का जो आधार है वह भी एकाग्रता से प्राप्त हो सकता है। महावीर इतने एकाग्र हो गये कि कानों में कीलें लगाई गईं फिर भी उनके चित्त में क्षोभ न हुआ। यह एकाग्रता का ही प्रभाव है कि क्षत्रिय राजकुमार वर्धमान, भगवान महावीर होकर पूजे जा रहे हैं।

हर व्यक्ति ऊँचा होना चाहता है, हर इन्सान अदभुत होना चाहता है, सबसे निराला होना चाहता है लेकिन जिससे निराला बना जाता है उस पर ध्यान नहीं है।

एकाग्रता साधने के लिए ध्यान की भिन्न-भिन्न रीतियाँ अपनायी जाती हैं। अपने मूलाधार चक्रपर चित्त एकाग्र करने से कुण्डलिनी शक्ति जाग्रत होती है। काम का केन्द्र राम में बदल सकता है, भय निर्भयता में, घृणा प्रेम में, हिंसा अहिंसा में, स्पर्धा समता में बदल सकती है।

बार-बार किसी रूप को निहारते-निहारते उसी में चित्त को एकाग्र किया जाता है। गुरु, गोबिन्द, भगवान जो भी रूप प्यारा लगे उसको देर तक एकटक निहारते-निहारते आँखें बन्द करके भ्रूमध्य में उसी रूप को देखा जाये। ऐसा अभ्यास करने वाले साधक भी अदभुत सिद्धियाँ और सामर्थ्य पा सकते हैं। किसी रोग को निवृत्त करने के लिए इसी प्रकार एकाग्र होकर बार-बार संकल्प करने से रोग निवृत्त होते हैं। जन्म-मृत्यु का भवरोग निवृत्त करने के लिए एकाग्रता का उपयोग साक्षीभाव में किया जाता है।

भक्तों की भक्ति, जपी का जप, योगी का योग तब फलता है जब एकाग्रता होती है। भोगी को भी सफलता तब मिलती है जब कुछ घड़ियों के लिए, कुछ समय के लिए वह एकाग्र होता है।

अनुक्रम

रामचन्द्रजी की समता

भगवान राम के प्रति भरतजी का अथाह प्यार था। जब रामचन्द्रजी वनवास चले गये तब भरत जी मामा के घर से लौटे। देखा कि माता कैकेयी ने मंथरा के चक्कर में आकर न माँगने जैसा वर माँग लिया है, न करने जैसा कार्य राज्य में करवा लिया है। जैसे भी हो, अब रामजी को वापस लाना है।

भरतजी दौड़े वशिष्ठजी के पास। प्रार्थना की कि, "महाराज ! रामचन्द्रजी इतने विनम्र हैं, आपके इतने आज्ञापालक हैं कि आपका वचन टाल नहीं सकेंगे। अतः हे प्रभो ! हजारों अयोध्यावासियों को ध्यान में रखते हुए, मेरे जीवन और मृत्यु को ध्यान में रखते हुए, भावी इतिहास को ध्यान में रखते हुए कृपा करके अपना आदेश रामजी के ऊपर चलाइये ताकि वे वापस अयोध्या लौट आयें। हमें विश्वास है कि वे आपकी आज्ञा का उल्लंघन नहीं करेंगे।"

वशिष्ठजी महाराज भरत के कन्धे पर हाथ रखकर स्नेहपूर्ण वचन बोले कि, "भरत ! तू ठीक कहता है, ठीक जानता है लेकिन मेरी बात भी समझ। मैं आज्ञा करूँगा तो वे वनगमन नहीं करेंगे लेकिन बेटा ! वे तो मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। लोगों को वे सिखाना चाहते हैं कि अगर कष्ट सिर पर आ जाय तो भी अपना ब्रह्मभाव, अपनी उच्च आत्मशांति नहीं त्यागनी चाहिए। दुःखद परिस्थितियों में भी नम्रता और ऋषि मुनियों के दर्शन नहीं त्यागेंगे। प्रेम का प्रसार करते-करते जीवन जियेंगे, काँटे, कंकड़ और पत्थरवाले जंगली रास्ते में चलते-चलते, वन के हिंसक पशुओं का मुकाबला करते-करते समचित्त होकर चौदह वर्ष व्यतीत करेंगे तो अन्य जीवों को भी जीने की कुछ कला आ जायेगी। रामचन्द्रजी के वनवास में भी जगत की कुछ भलाई निहित है। अतः हे भरत ! उनको वापस लाने का आग्रह छोड़ो।

वशिष्ठजी महाराज एवं रामचन्द्रजी के सान्निध्य सेवन के बाद भी भरतजी में ममता रही है लेकिन रामचन्द्रजी में वह ममता नहीं है कि 'मेरा राज्य... मेरा भरत... माता कैकेयी ने ऐसा किया वैसा किया..... आदि'। उनमें राग-द्वेष नहीं उत्पन्न होता क्योंकि वे अपने ब्रह्मस्वभाव में प्रतिष्ठित हैं।

दूसरे दिन राज्याभिषेक होने वाला है, उसकी तैयारी में शास्त्रोक्त विधि अनुसार व्रत रखा है, कन्दमूल का आहार लिया है, भूमिशयन किया है, शहनाइयाँ बज रही हैं, सुबह राज्याभिषेक होने के बजाय वनवास मिला है फिर भी चित्त में क्षोभ नहीं होता, यह ब्रह्मभाव का प्रभाव है। इस परमावस्था को प्राप्त करने के लिए एकाग्रता अत्यंत उपयोगी है।

अनुक्रम

सामर्थ्य का सदुपयोग

एक बार वशिष्ठजी के शिष्य आये और बोलेः "गुरु महाराज ! आप बहुत विद्यायें जानते हैं। आपके पास तपस्या की बहुत सारी शक्तियाँ हैं। जो लोग आपकी निन्दा करते हैं, आपके खिलाफ कुछ की कुछ अफवाहें उड़ाते हैं ऐसे लोगों को शाप क्यों नहीं दे देते कि उनका सत्यानाश हो जाये?"

वशिष्ठजी ने कहाः "नहीं, नहीं...। एकाग्रता का, तपश्चर्या का या ज्ञान का फल निन्दकों का सत्यानाश कर देना नहीं है। ज्ञान का फल अज्ञानी के दिल में ज्ञान का दीया जलाना और एकाग्रता का फल है कि चंचल व्यक्ति को एकाग्रस्वरूप परमात्मा में प्रतिष्ठित कर देना। मैं उस शक्ति का अपव्यय इन तुच्छबुद्धि निन्दकों को शाप देने में नहीं करूँगा।"

ज्ञानेश्वर महाराज, तुकाराम महाराज आदि के विषय में लोगों ने कुछ की कुछ अफवाहें उड़ायी लेकिन उन महापुरुषों ने अपने चित्त में उसी परमात्मा के प्रसाद का ही मूल्य सँभाला। जगत और भगत का संघर्ष अनादि काल से चलता आ रहा है लेकिन सच्चे भक्त अपनी तपश्चर्या को, अपनी एकाग्रता को, अपने तत्त्वज्ञान को दूसरों के हृदयों में परमात्मा-रस भरने में लगाते हैं।

बालमंदिर में बच्चों को आकर्षित करने के लिए चॉकलेट, लॉलीपॉप दी जाती है। वे पढ़ते-पढ़ते पढ़ाई का मूल्य समझने लगते हैं, बड़े हो जाते हैं तब कॉलेज में फीस भरने पर भी उन्हें सरलता से प्रवेश नहीं मिलता। कहा जाता है कि अच्छे अंक लाओ तो प्रवेश मिलेगा। ऐसे ही आध्यात्मिकता के मार्ग में प्रारम्भ में अच्छे स्वास्थ्य और ऐहिक लाभ के आकर्षण दिये जाते हैं। बाद में जब साधक बनकर योग्यता का विकास होता है तो वह अपनी रूचि से ही आध्यात्मिकता में आगे बढ़ता रहता है।

प्रारम्भ में ध्यान कठिन लगता है लेकिन ध्यान सदा सदा की कठिनाइयाँ मिटाने की कुँजियाँ भी तो देता है। जीवन की तमाम प्रकार की कठिनाइयों को दूर करने का रास्ता ध्यान से  मिलता है। अगर योगयुक्ति मिल जाय तो ध्यान सरल हो जाता है। सुपारी चबाना मुश्किल लगता है लेकिन सुपारी के साथ बादाम चबाया जाय तो सुपारी का कड़ापन गायब हो जाता है।

ऐसे ही बादामों की बादाम उस परमात्मा का रस मिलते ही मन का कड़ापन, चंचलता, कर्मों की जाल बुनने की आदत अपने आप मिट जाती है।

एकाग्र व्यक्ति हर क्षेत्र में सफल होता है। आद्य शंकराचार्य जी ने भी इसी एकाग्रता के बल से नर्मदा जी के बाढ़ को थाम लिया था। इसी एकाग्रता के बल से शास्त्रार्थ  विजेता होकर अद्वैत सिद्धान्त का डंका बजाकर जीवों के हृदय में, साधक और भक्तों के हृदय में अहं ब्रह्माऽस्मि का प्रकाश प्रकटाया था। बुद्ध ने एकाग्रता के बल से ही लोगों को अन्तर्मुख करने में सफलता प्राप्त की थी।

एकाग्रता ऐसा अदभुत साधन है कि हर क्षेत्र में उसका सदुपयोग होता है। इसी एकाग्रता के बल से पूज्यपाद स्वामी श्री लीलाशाहजी बापू ने पेड़ को आज्ञा कर दी तो पेड़ चलने लग गया था। इसी एकाग्रता के बल से ज्ञानदेव महाराज ने चबूतरे को आदेश दिया तो चबूतरा चल पड़ा था।

आज का श्लोग हमें एकाग्रता की ओर चलने के लिए प्रेरणा देता है। कुछ प्यारे साधक चलते-फिरते भी एकाग्रता का अभ्यास करते हैं, नासाग्र दृष्टि रखते हैं, ध्यान का अभ्यास करते हैं। बातचीत सुनते जाते हैं, जरूरी जवाब भी देते जाते हैं फिर भी अपनी दृष्टि को ज्यादा चंचल नहीं होने देते। इससे उनकी इन्द्रियाँ संयत होकर आत्मप्रसाद की ओर बढ़ती हैं।

अनुक्रम

श्रवण में एकाग्रता

हरिबाबा एक महान संत हो गये। आनंदमयी माँ के मित्र संत थे। वे किसी पण्डित के घर सत्संग सुनने जाते थे। एकाग्रता से सत्संग सुनकर लौट आया करते थे। एक दिन उनका शिष्य साथ में गया। वापस आने पर बोलाः

"पण्डित जी कथा सत्संग बढ़िया करते हैं लेकिन उनके घर में बहुत से दुशाले, चद्दरें, हार आदि खूँटियों पर टँगे हुए हैं।"

हरिबाबा ने कहाः "भैया ! मैं चार महीने से जाता हूँ। कथा सुनता हूँ। मैंने तो नहीं देखा कि दुशाला टँगा है कि हार टँगा है। तूने एक ही दिन में यह सब देख लिया। तू कथा सुनने गया था कि खूँटियाँ देखने गया था? मेरी तरह तू भी एकाग्र होकर कथा सुनता तो तेरे बीस साल बरबाद न होते। तू बीस दिन में भी बहुत कुछ यात्रा कर लेता। तेरी चंचलता ने तुझे सत्संग व मेरे सान्निध्य के लाभ से वंचित रखा।"

अनुक्रम

संत लीलातीर्थ

महात्मा लीलातीर्थ से पूछा गयाः "बाबाजी ! आप महान संत कैसे बने? आपके समीप बैठते ही हमारा चित्त पवित्र होने लगता है, हमारे चित्त की चंचलता मिटने लगती है। हमारी इन्द्रियाँ अन्तर्मुख होने लगती हैं। हमें प्रभु की याद आने लगती है। आप ऐसे महान कृपानिधान कैसे बने? आपको ऐसी ऊँचाई कैसे मिली?"

महात्मा ने जवाब दियाः "जब हम स्कूल में पढ़ते थे तबसे ऐसे संस्कार मिले थे कि हमने जगत के बजाय जगदीश्वर को ज्यादा महत्त्व दिया। सबसे जो बड़ा परमात्मा, उसका चिन्तन करने से उसने मुझे अपने में मिला लिया।"

जब लीलातीर्थ कॉलेज में पढ़ते थे तब प्रयोगशाला का कोई औजार किसी लड़की से टूट गया। सब लड़कियों ने मिलकर उस युवक पर झूठा आरोप लगा दिया। पचास रूपये जुर्माना हुआ। लीलातीर्थ ने जुर्माना भर दिया। साथियों को पता चला कि निर्दोष लीलातीर्थ को पचास रूपये भरने पड़े हैं। उन्होंने लीलातीर्थ से कहाः "हम सब जानते हैं कि तुम निर्दोष हो। तुम अर्जी करो और न्याय की माँग करो। हम तुम्हें हर प्रकार से सहयोग देंगे। जिन्होंने औजार तोड़ा है उनको हम जानते हैं, साबित भी कर सकते हैं। तुमको जिन्होंने बदनाम किया है, तुम पर कीचड़ उछाला है उनके षडयंत्र का खुलासा कर सकते हैं। हम सब गवाह, सबूत पेश करके तुमको निर्दोष सिद्ध करायेंगे और पचास रूपये वापस दिलवायेंगे।"

लीलातीर्थ ने कहाः "मित्रो ! धन्यवाद है। आप लोगों के स्नेह का आभारी हूँ। लेकिन मेरे पास इतना समय नहीं है कि मैं अपनी ध्यान की एकाग्रता तोड़कर इन बातों का चिन्तन करूँ। मैं पचास रूपये बिगाड़ सकता हूँ लेकिन पाँच मिनट ऐसे नहीं बिगाड़ नहीं सकता। पचास रूपये चले जायें तो हरकत नहीं लेकिन ध्यान चला जायेगा तो अच्छा नहीं लगेगा। लोग मुझ पर आरोप लगा दें तो स्वीकार है लेकिन मैं परमात्मा से पृथक होकर आरोपियों का चिन्तन करके अपने चित्त को मलिन नहीं करूँगा।"

दुनियाँ के बड़े-बड़े उद्योगों की अपेक्षा दो क्षण परमात्मा में स्थित होने का उद्योग हजारों गुना ज्यादा हितकर है।

वही युवक लीलातीर्थ महान संत लीलातीर्थ बना। लाखों-करोड़ों रूपयों से और यश-पद-प्रतिष्ठा-सत्ता से जिन्होंने परमात्मा का मूल्य ज्यादा जाना है ऐसे बुद्ध, महावीर, सम्राट अशोक, राजा भर्तृहरि राजपाट को लात मारकर परमात्मा के प्रसाद के लिए एकान्त अरण्यों में चले गये और गुफाओं में रहे।

अनुक्रम

धर्म और एकाग्रता

भगवान शंकराचार्य कहते हैं कि मन और इन्द्रियों की एकाग्रता ही परम तप है। उनका जय सब धर्मों से महान है। क्षत्रिय धर्म, ब्राह्मण धर्म, संन्यास धर्म, गृहस्थ धर्म, ईसाई धर्म, इस्लाम धर्म, जैन धर्म, बोद्ध धर्म, वैष्णव धर्म आदि सब धर्मों से एकाग्रता का धर्म अधिक महान है। कोई वैष्णव है और एकाग्रता नहीं है तो उसकी वैष्णवता चमकेगी नहीं। वेदान्ती है लेकिन एकाग्रता नहीं है तो अव्यक्त तत्त्व का रस नहीं आयेगा। भीतर का रस नहीं आयेगा तो बाहर के रस में उलझ जायेगा। योग का साधक लेकिन एकाग्रता की यात्रा नहीं करता है तो योग का रस नहीं आयेगा और भोग के रस में मन गिर जायेगा।

एकाग्रता के द्वारा योगयुक्ति आ जाय तो योगाग्नि के द्वारा हमारे कर्म दग्ध होते हैं, हमारी चिन्ताएँ चूर-चूर होने लगती हैं, हमारा अहंकार विलीन होने लगता है। नासमझी से अहंकार टिका है। अगर आत्मविचार में एकाग्रता आयी तो अहंकार का कोई मूल्य नहीं रह जाता।

अनुक्रम

अनन्त का अनुसन्धान

श्रीमद् राजचन्द्र ने कहा हैः

देह छत्तां जेनी दशा वर्ते देहातीत।

ते ज्ञानीना चरणमां हो वन्दन अगणित।।

देह में होते हुए भी जो देह से परे हैं, देह को जो सत्ता स्फूर्ति देता है ऐसे परात्पर ब्रह्म में जो परिनिष्ठ हैं ऐसे महापुरुषों के चरणों में कोटि-कोटि वन्दन हो।

एक व्यक्ति की विद्या और बुद्धि क्या है? एक व्यक्ति का धन दौलत क्या है,  जमीन-जागीर क्या है, रूप लावण्य क्या है उस अनन्त ब्रह्माण्डनायक परमात्मा के आगे? जिनसे करोड़ों-करोड़ों व्यक्तियों को सब कुछ मिलता आया है, जिनके अखूट भण्डार से विद्वानों को विद्या, सत्तावानों को सत्ता सँभालने की योग्यता, धनवालों को धन सँभालने की योग्यता, यशस्वियों को यश मिलता है, मिल रहा था और मिलता रहेगा उस अखूट अनन्त स्वरूप का दीदार करना, आत्म साक्षात्कार करना यह इन्द्र का भी लक्ष्य बन गया था।

हम उस अखूट को नहीं जानते इसलिए थोड़ी-थोड़ी सुविधाओं के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं। थोड़े-थोड़े दुःखों में बेचैन हो जाते हैं। हम जब उस अखण्ड के तरफ उन्मुख होते हैं तो हमें पता चलता है किः

सितारों के आगे कुछ जहाँ और भी हैं।

इश्क के इम्तिहाँ कुछ और भी हैं।।

जितना हमने संसार की चीजों के लिए, तुच्छ पदार्थों के लिए समय-शक्ति लगाया उसका दसवाँ भाग भी यदि एकाग्रता में लगाते और एकाग्रता का फल उस एक कोक जानने में लगाते तो आज हम कहीं-के-कहीं पहुँच जाते।

अनुक्रम

कलियुग में प्रभु-प्राप्ति सुलभ

हमने चित्त की वृत्तियों को चार पैसे कमाने में, चार दिन की गुलामी में खर्च कर दिया। अगर थोड़ा सा समय बचाकर उस परमात्मा में लगाते तो बेड़ा पार हो जाता। कलियुग में तो भगवान की विशेष कृपा है। इन्द्रदेव को तो बत्तीस-बत्तीस वर्ष तक ब्रह्मचर्य व्रत का पालन करते हुए, भांडे माँजते हुए गुरुचरणों में रहना पड़ा था। जबकि आसाराम को कलियुग में केवल चालीस दिन में बेशुमार माल मिल गया। आसाराम यह नहीं चाहते कि आपको चालीस दिन भांडे माँजने पड़ें। आपको तो यूँ ही मिल रहा है। आप विलम्ब क्यों करते हैं?

आपके भीतर अदभुत खजाने भरे पड़े हैं। आपके पास क्या क्या है, कितना है उसका बयान करना असंभव सा है। आप इतने महान हैं। सरस्वती देवी भी आपकी महिमा का वर्णन करने बैठें तो थक जायेंगी, ऐसी चीज़ हैं आप। लेकिन....

अनुक्रम

अपने को अनधिकारी मत मानो

अभागे विषयों ने, अभागी समझ ने, अभागे विचारों ने हमें उस सिंहासन से नीचे गिरा दिया है वरना मनुष्य मात्र उस तत्त्व के अनुभव का अधिकारी है। वह कठिन भी नहीं है, दूर भी नहीं है, पराया भी नहीं है। कर्कटी जैसी राक्षसी को भी जब आत्म-साक्षात्कार हो गया और वह हिंगला देवी एवं मंगला देवी होकर पूजी जा रही हैं तो मनुष्य क्यों वंचित रह जाये? कर्कटी राक्षसी को तत्त्व का बोध हो सकता है, रैदास चमार को परमात्मा का बोध हो सकता है, सदना कसाई को आनन्दस्वरूप ईश्वर का साक्षात्कार हो सकता है तो तुमने क्या अपराध किया है? तुम क्यों अपने को अनाधिकारी मानते हो? तुम क्यों उस प्यारे को अपने से दूर मानते हो?

थोड़े-से कदम आप आगे चलो। आपकी बैटरी चाहे चार कदम ही आगे रोशनी डालती हो और फासला चाहे बहुत लम्बा लगता हो, चिन्ता न करो। आप चार चार कदम ही मंजिन तय करते जाओ। चार मिनट से ही ध्यान का प्रारम्भ करो। भीतर की रोशनी (समझ) बढ़ती जायेगी। एक बार भीतर का रस आ गया न, तो आप व्यवहार करते-करते भी साधना की यात्रा कर सकते हो।

अनुक्रम

बंगाली न्यायाधीश की कथा

ब्रिटिश शासन के समय की बात है।

एक बंगाली न्यायाधीश ज्यूरी में बैठे थे और किसी को फाँसी की सजा होने वाली थी। उस न्यायाधीश ने भीतर डुबकी लगाई तो ऐसा एहसास होने लगा कि मुजरिम निर्दोष है। उन्होंने चुकादे का विरोध किया। ज्यूरी के अन्य सब न्यायाधीश एकमत हो गये फिर भी वे अपने निर्णय पर अडिग रहे कि मैं इसको फाँसी नहीं लगने दूँगा। हाँ ना....  करते-करते आधा घण्टा बीत गया। इतने में ब्रिटिश सरकार का तार आया किः 'उस अपराधी को फाँसी न दी जाये। वह निर्दोष है।' तार जरा देरी से आया था।

बंगाली न्यायाधीश ने कहाः "अगर तुम्हारे निर्णय, सबूत, गवाहों और वकीलों के आधार पर इसको फाँसी दे दी जाती तो अब पूरी अंग्रेज सल्तनत उल्टी होकर टँग जाती फिर भी उसको बचा नहीं सकती थी। हम लोगों की तर्कशक्ति, हमारे निर्णय, केस के सबूत आदि सब मिलाकर भी बात नहीं समझी जाती थी वह मैंने घड़ीभर की एकाग्रता से समझ ली। जिसमें जरा-सी डुबकी लगाने से यह राज मेरी समझ में आया, उसको अब मैं पूरा पहचानूँगा। मैं अपने पद से इस्तीफा दे देता हूँ।"

हाईकोर्ट के उस बंगाली न्यायाधीश ने अपने पद का त्याग कर दिया। हरिद्वार पहुँचे। किसी सच्चे संत की खोज में लग गये। 108 और 1008 के बोर्डवाले तो कई मिले लेकिन प्रभुवाला कोई मिल जाय ! खोजते-खोजते हृषिकेश पहुँचे। आदम&#